प्रदेश में हर ग्राम पंचायत में बनेगा महतारी सदन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम

मनेंद्रगढ़/रायपुर। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने, आपसी समरसता स्थापित करने तथा महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने के उद्देश्य से महतारी सदन निर्माण का फैसला लिया है। इसके तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा।
शुरुआती चरण में राज्य सरकार ने 166 महतारी सदन के निर्माण की अनुमति प्रदान की है। इनमें से मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जिले के लिए तीन महतारी सदन स्वीकृत किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार जिले के दुग्गी, कटकोना और ठग्गांव ग्राम पंचायत में महतारी सदन बनाए जाएंगे।
30-30 लाख रुपए की मिलेगी राशि
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रत्येक महतारी सदन के लिए 30 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। प्रत्येक भवन 2,500 वर्गफुट क्षेत्रफल में बनाया जाएगा। इसमें कमरा, बरामदा, हाल, किचन, स्टोररूम, पेयजल हेतु ट्यूबवेल और सामुदायिक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक पहल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेंद्रगढ़ की तीन ग्राम पंचायतों को पहले चरण में महतारी सदन की स्वीकृति देने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।












