गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, पति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

गुरुग्राम (हरियाणा)। वजीरपुर इलाके में शनिवार देर रात एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पति ने अपनी पत्नी और चार बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया।
पत्नी और चार बच्चों की मौत
मृतकों में 35 वर्षीय नजमा और उनके चार बच्चे इकरा (14), सिफा (12), खतिना (10) और आयन (8) शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
पति ने काटी नस, अस्पताल में भर्ती
वारदात के बाद आरोपी पति नाजिम ने अपनी नस काट ली। उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
सैलून चलाता था परिवार का मुखिया
जानकारी के मुताबिक, नाजिम मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला था और गुरुग्राम में सैलून चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब सात साल पहले उसने नजमा से प्रेम विवाह किया था।
पुलिस जांच में जुटी, मोबाइल मिला बरामद
पुलिस को घटनास्थल से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव या मानसिक दबाव की आशंका जताई जा रही है, लेकिन असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पड़ोसियों को यकीन नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार सामान्य और खुशहाल दिखाई देता था, जिससे यह घटना और भी चौंकाने वाली बन गई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।






