रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 62वां जन्मदिन, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 21 फरवरी 2026 को अपना 62वां जन्मदिन मना रहे हैं। जशपुर जिले के एक साधारण किसान परिवार से निकलकर प्रदेश की राजनीति के शीर्ष पद तक पहुंचने वाले साय का जीवन संघर्ष, संगठननिष्ठा और शांत नेतृत्व शैली का उदाहरण माना जाता है।
भाजपा के प्रमुख आदिवासी चेहरे के रूप में उभरे साय की पहचान एक जमीनी नेता और संगठन के भरोसेमंद कार्यकर्ता की रही है। संगठन और पार्टी के तमाम नेता उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने दी विशेष शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री साय को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा,
“छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। छत्तीसगढ़ की प्रगति को गति देने के उनके प्रयास सराहनीय हैं और लोगों के जीवन पर परिवर्तनकारी प्रभाव पड़ रहा है। उनकी लंबी उम्र और अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना करता हूं।”
सीएम साय ने जताया आभार
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री के संदेश के लिए आभार व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रधानमंत्री के ओजस्वी नेतृत्व और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र ने छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार को जनकल्याण की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य की प्राप्ति में छत्तीसगढ़ की पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई।
साधारण परिवार से मुख्यमंत्री तक का सफर
विष्णु देव साय का जन्म 21 फरवरी 1964 को छत्तीसगढ़ (तत्कालीन मध्यप्रदेश) के जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम बगिया में हुआ। उनके पिता राम प्रसाद साय किसान थे और माता जसमनी देवी गृहिणी थीं। ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े साय ने कुनकुरी से हायर सेकेंडरी तक शिक्षा प्राप्त की।
वर्ष 1991 में उनका विवाह कौशल्या देवी साय से हुआ। पारिवारिक रूप से भी उनका राजनीति से जुड़ाव रहा है—उनके बड़े पिता नरहरि प्रसाद साय सांसद और केंद्रीय मंत्री रहे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी विधायक रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय का राजनीतिक सफर संगठन में सक्रिय भूमिका से शुरू होकर आज प्रदेश के सर्वोच्च पद तक पहुंचा है, जिसे उनके समर्थक समर्पण, सादगी और संगठननिष्ठा का परिणाम मानते हैं।





