होली से पहले गुंडा-बदमाशों की परेड, एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी

रायगढ़ में होली पर्व से पहले कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों की परेड ली।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से करीब 70 से अधिक निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों, सजायाफ्ता और संदिग्ध प्रवृत्ति के लोगों को पुलिस कार्यालय में तलब कर लाइन से खड़ा किया गया और कड़ी चेतावनी दी गई।
अपराध छोड़ मुख्यधारा से जुड़ने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चिन्हित व्यक्ति अपराध से तौबा कर सम्मानजनक जीवन अपनाएं। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या शिकायत सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस सुधार का अवसर दे रही है। यदि इस मौके का लाभ उठाकर वे अपना भविष्य बेहतर बनाना चाहते हैं, तो प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। लेकिन दोबारा अपराध में लिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई तय है।
नशा मुक्ति और रोजगार में सहयोग
एसएसपी ने आश्वासन दिया कि जो लोग नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें समाज कल्याण विभाग और पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से सहायता दिलाई जाएगी। रोजगार की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को उनकी योग्यता के अनुरूप जिला प्रशासन से समन्वय कर रोजगार उपलब्ध कराने में भी मदद की जाएगी, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें।
इस दौरान कुछ लोगों ने बताया कि उनके खिलाफ लंबे समय से कोई शिकायत दर्ज नहीं है। इस पर एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को अभिलेखों का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नियमों का उल्लंघन किया तो सख्ती तय
एसएसपी ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, गुंडागर्दी, छेड़छाड़ या कानून उल्लंघन पर विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और न्यायालय के माध्यम से दंड दिलाया जाएगा।






