छत्तीसगढ़ के किसानों को होली से पहले बड़ा तोहफा, खाते में मिलेगा 10,324 करोड़ रुपए

रायगढ़/बिलासपुर, 28 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए होली से पहले एक बड़ा आर्थिक तोहफा आने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों के खातों में कुल 10,324 करोड़ रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे।
राज्य भर के 25 लाख से अधिक किसान इस योजना का लाभ उठाएंगे। यह राशि धान की अंतर राशि के रूप में किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है, ताकि वे कृषि गतिविधियों और खरीफ सीजन की तैयारियों में इसका उपयोग कर सकें।
मुख्यमंत्री साय इस अवसर पर बिलासपुर जिले के बिल्हा में आयोजित किसान सम्मेलन में उपस्थित रहेंगे। बिलासपुर जिले के 1,25,352 से अधिक किसानों को इस योजना के तहत कुल 494.38 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त होगी। कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने किसानों की आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने का प्रयास किया है। कार्यक्रम में किसान और अधिकारियों के बीच संवाद भी होगा, जिससे योजना की पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित होगी।






