रायगढ़ में दो हाथी शावकों की मौत, नदी में तैरते मिले शव, वन विभाग जांच में जुटा

घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में कुरकुट नदी के पास ग्रामीणों ने देखे मृत हाथी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में दो हाथी शावकों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव कुरकुट नदी में तैरते हुए पाए गए। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
19 हाथियों के झुंड के बीच मिली दो शावकों की लाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में लगभग 19 हाथियों का झुंड क्षेत्र में विचरण कर रहा था। बुधवार को ग्रामीणों ने कुरकुट नदी के पास कक्ष क्रमांक 1273 आरएफ के पास दो हाथियों को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
एक शव निकाला गया, दूसरे को निकालने की कोशिश जारी
वन विभाग के अनुसार एक हाथी शावक का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया है, जिसकी उम्र लगभग पांच वर्ष बताई जा रही है। दूसरा शव नदी में कुछ दूरी पर होने के कारण उसे निकालने का प्रयास जारी है। मौके पर वन अमला और अन्य कर्मचारी मौजूद हैं।
पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगी मौत की वास्तविक वजह
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार दोनों हाथियों के शवों को बाहर निकालने के बाद पंचनामा तैयार किया जाएगा और उसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक तौर पर संभावना जताई जा रही है कि हाथियों की मौत नदी पार करते समय या नहाते समय डूबने से हुई हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
डॉग स्क्वॉड टीम भी जांच में शामिल
घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि नदी में दो हाथियों के मृत होने की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। एक शव को बाहर निकाल लिया गया है और दूसरे को निकालने की कार्रवाई जारी है। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर मौजूद है।
पहले भी जिले में हाथियों की मौत का मामला सामने आया था
करीब एक वर्ष पहले तमनार रेंज के बकचबा बीट के चुहकीमार क्षेत्र में एक साथ तीन हाथियों के शव मिले थे। जांच में पता चला था कि हाथी 11 केवी बिजली के तार की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी। उस मामले में जांच के बाद संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई भी की गई थी।






