रायगढ़: विधायक ओपी चौधरी ने सेठ किरोड़ीमल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के नामकरण की सिफारिश की

तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री को लिखा पत्र, कॉलेज के उन्नयन पर जोर
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से विधायक ओपी चौधरी ने छ.ग. शासन के तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री गुरू खुशवंत साहेब को पत्र लिखकर रायगढ़ स्थित किरोड़ीमल शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के नामकरण संबंधी सिफारिश की है।
आईआईटी तर्ज पर छ.ग. इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की स्थापना
पत्र में विधायक ओपी चौधरी ने उल्लेख किया कि सत्र 2025-26 से छत्तीसगढ़ में छात्रों को उच्च गुणवत्तापूर्ण इंजीनियरिंग शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CGIT) प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत रायगढ़ जिले में स्थित किरोड़ीमल पॉलिटेक्निक कॉलेज का उन्नयन कर CGIT की स्थापना की गई है।
सेठ किरोड़ीमल के योगदान को किया सम्मानित
विधायक ने कहा कि सेठ किरोड़ीमल ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश भर में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और रायगढ़ जिले में उनके सामाजिक योगदान के कारण लोगों की भावनाएँ उनसे जुड़ी हुई हैं। कॉलेज का निर्माण सेठ किरोड़ीमल ट्रस्ट के माध्यम से हुआ था और पहले से ही उनके नाम पर रहा है।
नामकरण के लिए कार्रवाई का आग्रह
विधायक ने पत्र में अनुरोध किया है कि छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रायगढ़ का नाम सेठ किरोड़ीमल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि उनके अमूल्य योगदान को उचित सम्मान मिल सके।






