नीतीश कुमार फिर बनेंगे जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, निर्विरोध चुनाव तय

नई दिल्ली/पटना। नीतीश कुमार एक बार फिर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है और उनके खिलाफ किसी अन्य नेता ने पर्चा नहीं भरा है, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।
जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े को नामांकन पत्र सौंपा। जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार स्वयं दिल्ली नहीं पहुंचे और उनकी ओर से यह प्रक्रिया पूरी की गई। पार्टी के सभी प्रमुख नेताओं ने उनके नाम का समर्थन किया है।
तय कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया
पार्टी द्वारा घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 15 मार्च से 22 मार्च तक नामांकन भरे जा रहे हैं। 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 24 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। यदि एक से अधिक उम्मीदवार होते तो 27 मार्च को चुनाव कराया जाता, लेकिन इस बार नीतीश कुमार का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है।
पांचवीं बार संभालेंगे जिम्मेदारी
जेडीयू अध्यक्ष के रूप में यह नीतीश कुमार का पांचवां कार्यकाल होगा। वे पहली बार अप्रैल 2016 में इस पद पर आसीन हुए थे, जब उन्होंने शरद यादव से जिम्मेदारी संभाली थी।
इसके बाद 2019 में उन्हें दोबारा चुना गया, हालांकि 2020 में उन्होंने आरसीपी सिंह के लिए पद छोड़ा था। फिर दिसंबर 2023 में उन्होंने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह से दोबारा अध्यक्ष पद की कमान संभाली थी।






