रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड को ‘इन्फेक्टेड जोन’ घोषित किया गया है। यह करीब 1 किलोमीटर के दायरे में आता है। इसके साथ ही 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र को ‘सर्विलांस जोन’ बनाया गया है, जहां प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर इन इलाकों में पोल्ट्री से जुड़ी सभी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसका मतलब है कि अब यहां मुर्गी और अंडे की बिक्री, भंडारण, परिवहन और घर-घर डिलीवरी तक सब बंद रहेगी। दुकानों को भी अस्थायी रूप से बंद करने को कहा गया है। वहीं जो लोग नियम तोड़ेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शहर में चेकपोस्ट बनाए गए हैं। पोल्ट्री पक्षियों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस बीच स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग भी पूरी तरह सक्रिय हैं। पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले कर्मचारियों की जांच की जा रही है, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां लोग जरूरत पड़ने पर मदद ले सकते हैं।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सावधानी जरूर बरतें। साथ ही नियमों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर यकीन न करें।