जवाहर नगर मंडल रायपुर में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ का शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को दी गई वैचारिक और संगठनात्मक मजबूती की सीख

समता कॉलोनी के रामनाथ भीमसेन भवन में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत
रायपुर जिले के जवाहर नगर मंडल द्वारा आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ का शनिवार को भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समता कॉलोनी स्थित रामनाथ भीमसेन भवन में ध्वजारोहण और झंडा वंदन के साथ हुई।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित प्रदेश और जिला स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी अवलोकन और वैचारिक परंपरा पर जोर
कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने प्रशिक्षण स्थल पर लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसमें छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियां, मंडल के सेवा कार्य और महापुरुषों के जीवन दर्शन को प्रदर्शित किया गया।
इसके बाद भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया।
कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताया, योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता होते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ पर केंद्रित रहा संबोधन
विधायक ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।






