जशपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने होम-स्टे का किया निरीक्षण, ग्रामीण पर्यटन और महिला सशक्तिकरण की सराहना

जशपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने अपने जशपुर प्रवास के दौरान शनिवार को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल देशदेखा के समीप स्थित केरेगांव में विकसित होम-स्टे का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय आदिवासी संस्कृति, जनजीवन और पारंपरिक आतिथ्य व्यवस्था को करीब से देखा और ग्रामीण पर्यटन मॉडल की सराहना की।
होम-स्टे में स्थानीय व्यंजनों का लिया स्वाद
होम-स्टे प्रवास के दौरान देशदेखा समूह की महिलाओं ने राज्यपाल को पारंपरिक विधि से तैयार स्थानीय व्यंजन परोसे। राज्यपाल ने ग्रामीण परिवेश में विकसित इस होम-स्टे को प्रेरणादायक पहल बताया।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल पर्यटन को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय महिलाओं और ग्रामीण परिवारों की आजीविका को भी मजबूत करते हैं।
‘जसक्राफ्ट’ उत्पादों की राज्यपाल ने की सराहना
स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने राज्यपाल को ‘जसक्राफ्ट’ ब्रांड के तहत छिंद और कांसा से निर्मित पारंपरिक आभूषण, माला और झुमके भेंट किए।
राज्यपाल ने इन उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल कौशल विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने पर जोर
इस दौरान ‘देशदेखा क्लाइंबिंग कंपनी’ के सदस्यों ने राज्यपाल को क्षेत्र में चल रहे रॉक क्लाइंबिंग और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियों की जानकारी दी।
राज्यपाल ने अधिकारियों को ऐसे खेलों को लगातार प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले और अधिक युवा इन गतिविधियों से जुड़ सकें।
अधिकारियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






