छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना: ई-केवाईसी अनिवार्य, 1.53 लाख महिलाओं का बाकी, CSC में मुफ्त सुविधा

Advertisement

रायगढ़। राज्य शासन ने हितग्राही मूलक योजनाओं में पारदर्शिता और लाभ की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग ने महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं का ई-केवाईसी कराने के निर्देश जारी किए हैं।

1.80 लाख में से 27 हजार का ई-केवाईसी पूरा, बाकी प्रक्रिया जारी
जिला कार्यक्रम अधिकारी के अनुसार जिले में महतारी वंदन योजना के तहत करीब 1 लाख 80 हजार महिलाएं हर महीने लाभ ले रही हैं। इनमें से अब तक लगभग 27 हजार महिलाओं का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है, जबकि करीब 1 लाख 53 हजार हितग्राहियों का ई-केवाईसी अभी बाकी है।

कॉमन सर्विस सेंटर में निःशुल्क सुविधा
महिला एवं बाल विकास विभाग ने चिप्स को नोडल एजेंसी बनाते हुए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क करने के निर्देश दिए हैं। हितग्राही महिलाएं अपने नजदीकी CSC सेंटर जाकर आसानी से ई-केवाईसी करा सकती हैं।

आवश्यक दस्तावेज साथ रखना जरूरी
ई-केवाईसी के लिए महिलाओं को अपना अपडेटेड आधार कार्ड (मूल प्रति) और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से प्राप्त महतारी वंदन योजना का पंजीयन क्रमांक साथ लेकर जाना होगा। संबंधित लाभार्थियों की सूची आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के एप में उपलब्ध है।

पहले करा चुके हैं तो दोबारा जरूरत नहीं
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन महिलाओं का ई-केवाईसी 2-3 महीने पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया कराने की आवश्यकता नहीं है।

लाभ जारी रखने के लिए जरूरी प्रक्रिया
विभाग ने सभी पात्र महिलाओं से जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है, ताकि योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे। अधिक जानकारी के लिए महिलाएं अपनी नजदीकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकती हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button