बिलासपुर में कोयले से भरी मालगाड़ी में लगी भीषण आग, रेलवे और दमकल विभाग में मचा हड़कंप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कोयले से भरी मालगाड़ी के वैगन में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे और दमकल विभाग में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना गतौरा रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि, मालगाड़ी बिलासपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान एक वैगन से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। जिसके बाद तत्काल ट्रेन को गतौरा स्टेशन के पास रोका गया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। घटना की जांच के लिए रेलवे प्रशासन जुट गया है।
गर्मी की वजह से लगी आग
प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि भीषण गर्मी के कारण कोयले में आग लगी हो सकती है। हालांकि, कुछ समय तक रेल परिचालन भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। फ़िलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।






