छत्तीसगढ़

नवापारा में सुशासन शिविर : रेंजर के नहीं पहुंचने पर भड़के सांसद बृजमोहन, अधिकारियों से कहा- उसे सस्पेंड करो

Advertisement
Advertisement

नवापारा-राजिम। बुधवार को नगर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल पहुंचे। सांसद श्री अग्रवाल का शहरवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। शिविर में पहुंचते ही सांसद अग्रवाल ने सर्वप्रथम भारत माता की पूजा-अर्चना की तथा एक-एक स्टॉल में जाकर विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वे मंच पर पहुंचे और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।

308 आवेदन मिले, सांसद बोले-सात दिन में हो निराकरण
अपने संबोधन के दौरान सांसद अग्रवाल ने साफ शब्दों में कहा कि, शिविर में कुल 308 आवेदन प्राप्त हुए हैं और इन सभी आवेदनों का निराकरण सात दिनों के भीतर हर हाल में होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय-सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संबंधित विभागों के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिविर के दौरान कई विभागों की लापरवाही भी सामने आई। वन विभाग के रेंजर की अनुपस्थिति पर सांसद ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें निलंबित करने के लिए आदेश किया।

नहीं पहुंचे पीएचई के कर्मचारी, सांसद हुए नाराज
वहीं पीएचई विभाग की ओर से एक भी अधिकारी अथवा कर्मचारी उपस्थित नहीं होने पर भी उन्होंने कड़ी फटकार लगाई और इसे जनता के प्रति गंभीर लापरवाही बताया। बता दें कि जैसे ही वन विभाग की बारी आई तो इतने बड़े शिविर में न तो डीएफओ आए थे न ही एसडीओ, और तो और रेंजर भी नही पहुंचे। विभाग का नाम पुकारे जाने पर डिप्टी रेंजर खड़े हुए। उन्हें पूछा गया कि कौन से पोस्ट में हो? बताया डिप्टी रेंजर हूं। रेंजर कहां है? डिप्टी रेंजर का उत्तर था नही मालूम सर। बस फिर तो सांसद श्री अग्रवाल का दिमाग खराब होना स्वभाविक था।

रेंजर को सस्पेंड करो : सांसद बृजमोहन
उन्होने मौजूद प्रशासनिक अफसरों से कहा- रेंजर को सस्पेंड करें। श्री अग्रवाल के सामने दम्मानी कॉलोनी में हाईटेंशन तार हटाने की मांग प्रमुख रूप से सामने आई। वहीं सेवानिवृत्त पटवारी अजय उपाध्याय की सेवा पुस्तिका गायब होने तथा पेंशन नहीं मिलने का मामला भी सामने आया। इन दोनो मामलों के त्वरित समाधान के लिए सांसद श्री अग्रवाल ने एसडीएम रवि सिंह को आवश्यक निर्देश दिए। सांसद अग्रवाल ने कन्या शाला के लिए 5 लाख एवं लड़कियों के अखाड़े के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

MP Brijmohan Agrawal distributed tricycles to persons with disabilities

दिव्यांगजनों में बांटी गई ट्राइसाइकिल 
इसके साथ ही शिविर में उपस्थित दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई तथा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को भी स्वीकृति संबंधी दस्तावेज सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने शास हरिहर हाई स्कूल की जमीन को स्कूल के नाम करने के लिए आदेशित किया। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि स्कूल के आसपास जितने भी अवैध कब्जे हैं, उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए ताकि विद्यार्थियों और आमजन को परेशानी न हो।

राजू जितेंद्र सोनकर ने चढ़ाया प्रसाद
सुशासन तिहार शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ लोगों ने आवेदन प्रस्तुत कर समस्याओं के निराकरण की मांग की। खास बात यह रही कि सुशासन तिहार के दौरान भाजपा नेता राजू जितेंद्र सोनकर ने भगवान श्री राजीव लोचन का प्रसाद पीड़िया भेंट किया जिसे सांसद श्री अग्रवाल ने मस्तक पे लगाकर प्रणाम कर अपने पास रखा।

Works Worth ₹18 Crore Executed in Nawapara: MLA Indrakumar Sahu

 नवापारा में हुए 18 करोड़ के काम : विधायक इंद्रकुमार साहू 
विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा कि, सुशासन तिहार सरकार के हरेक योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। पिछले ढाई साल में समुचित विकास हुआ है। इस शहर में 18 करोड़ रूपए का काम हुआ है। आज 2 करोड़ रूपए का और भूमिपूजन किया गया है। विधायक श्री साहू ने बताया कि नवापारा शहर में 490 लोगो के आवास की स्वीकृति हुई है जिनमें अधिकतर मकान बनकर तैयार हो गए है। कहा कि बृजमोहन भैया के नेतृत्व में विकास कर रहे है आगे भी सांसद और विधायक निधि से नवापारा शहर का भरपुर विकास होगा। प्रारंभ में एसडीएम रवि सिंह एवं पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने स्वागत भाषण दिया।

MP Brijmohan Agrawal

इनकी भी रही मौजूदगी
इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल, गरियाबंद जिला भाजपा के वरिष्ठतम नेता जितेंद्र सोनकर, मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, विधायक प्रतिनिधि संजय साहू, पालिका उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, परदेशी राम साहू,किशोर देवांगन,चंद्रिका साहू, मेघनाथ साहू, धीरज साहू, मुकेश ढीढी, सुमित सोनी, मयाराम साहू, अकरम रिजवी, दयालु राम गाड़ा, संतोष शुक्ला, सचिन सचदेव, सिंटु सौरभ जैन, गिरधारी अग्रवाल, जीना निषाद, निर्मला साहू, अन्नपूर्णा देवांगन, धनमती साहू, साधना सौरज,तनु मिश्रा, योगिता सिन्हा, निता धीवर, पूजा कंसारी, हर्षा कंसारी, एसडीएम रवि सिंह, एसडीओ राजीव वैद्य, सीएमओ लवकेश पैकरा, इंजीनियर राहुल थवानी, इंजीनियर ऋषि सेन सहित बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद थे।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button