बम्हनीडीह में भाजपा का परचम : रमेश डडसेना बने नगर पंचायत अध्यक्ष, 15 में से 11 वार्डों पर पार्टी का कब्जा

जांजगीर-चांपा। जिले के नगर पंचायत बम्हनीडीह में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता पर कब्जा जमा लिया है। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के रामलाल सहारे को 789 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
रमेश डडसेना के सिर सजा जीत का ताज
मतगणना के बाद घोषित परिणामों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना को 1972 वोट मिले। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल सहारे को 1183 मत प्राप्त हुए। इस जीत के साथ रमेश डडसेना बम्हनीडीह नगर पंचायत के प्रथम निर्वाचित अध्यक्ष बन गए हैं।
पांच उम्मीदवार थे मैदान में
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। हालांकि मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा, जिसमें भाजपा उम्मीदवार ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की।
वार्ड चुनावों में भी भाजपा का दबदबा
अध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्षद चुनावों में भी भाजपा का प्रदर्शन दमदार रहा। नगर पंचायत के 15 वार्डों में से 11 वार्डों में भाजपा समर्थिक उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया। इससे नगर पंचायत में भाजपा की मजबूत स्थिति बन गई है।
समर्थकों में उत्साह, जीत का जश्न
भाजपा प्रत्याशी की जीत की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया। भाजपा नेताओं ने इसे जनता के विश्वास और विकास कार्यों के प्रति समर्थन का परिणाम बताया है।






