Uncategorised

भीषण गर्मी के बीच सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ा ट्रैक्टर, 7 घायल

Advertisement
Advertisement
Advertisement

सारण (बिहार)। बिहार के सारण जिले के मशरख नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तख्त दलित टोला में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण घरों के बाहर सड़क किनारे सो रहे लोगों को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रांसफार्मर खराब होने से थी बिजली गुल

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति बंद थी। भीषण गर्मी और उमस से परेशान होकर कई ग्रामीण अपने घरों के बाहर सड़क किनारे और नाले के ऊपर बने हिस्से में सो रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर वहां पहुंचा और सो रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घुमावदार सड़क पर ट्रैक्टर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रैक्टर सीधे सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया। हादसे के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाए गए अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महतो ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरख पहुंचाने में मदद की। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया।

घायल लोगों का चल रहा इलाज

हादसे में घायल सभी लोग तख्त दलित टोला के निवासी बताए गए हैं। घायलों में एक 5 वर्षीय बच्ची सहित बुजुर्ग महिलाएं, युवक और महिलाएं शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button