सीएम हेल्पलाइन 1076 शुरू: अब फोन पर दर्ज होगी शिकायत, 42 विभागों से जुड़े 8 हजार अधिकारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन प्रणाली के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री Arun Sao, Vijay Sharma सहित मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समयबद्ध समाधान और जवाबदेह शासन की पहल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या सुनी जाए और उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों, सुझावों और जनप्रतिसाद ने एक स्थायी एवं प्रभावी जनसंपर्क तंत्र की आवश्यकता को रेखांकित किया, जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की गई है।
1195 श्रेणियों की शिकायतों का होगा निराकरण
नई हेल्पलाइन प्रणाली में राज्य शासन के 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े हुए हैं। इसके तहत 1195 श्रेणियों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों के समाधान की व्यवस्था की गई है। अब प्रदेशवासी टोल-फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, सुझाव दे सकेंगे तथा शासन की योजनाओं और सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी साझा कर सकेंगे।
पारदर्शिता और विश्वास को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती प्रदान करेगी। साथ ही जनता और शासन के बीच विश्वास के रिश्ते को और सशक्त बनाएगी। कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव पी. दयानंद, विशेष सचिव रजत बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







