Uncategorised

रायगढ़ में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़: 240 लीटर मिलावटी शराब जब्त, एक गिरफ्तार, दो फरार

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में नकली शराब के बड़े कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। ग्राम धनागर में छापेमारी के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब जब्त की गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

कोरोना काल से चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर कोरोना काल से नकली शराब तैयार कर बाजार में बेच रहा था। आरोपी विभिन्न राज्यों से शराब लाकर उसमें स्प्रिट, अन्य रसायन और रेड लेबल चायपत्ती मिलाकर मात्रा बढ़ाते थे।

नकली लेबल और होलोग्राम से तैयार होती थी शराब

आरोपियों द्वारा पुरानी शराब की बोतलों को एकत्र कर साफ किया जाता था। इसके बाद उन पर डुप्लीकेट लेबल और नकली होलोग्राम लगाकर दोबारा पैकिंग की जाती थी। तैयार नकली शराब को कोचियों के माध्यम से बाजार में असली शराब के साथ खपाया जाता था, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

सोमवार देर रात पुलिस को ग्राम धनागर में नकली शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने अपने मुखबिर को शराब खरीदने भेजा। खरीदी गई शराब की जांच में नकली होने का संदेह मिलने पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान आरोपी सुभाष पटेल मौके से फरार हो गया, जबकि दुष्यंत पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में घर परिसर स्थित कोठे से भारी मात्रा में नकली शराब बरामद हुई।

कई नामी ब्रांड की पैकिंग में बिक रही थी नकली शराब

बरामद शराब में रॉयल स्टैग, आईबी, रिजर्व क्वार्टर, गोवा, ब्लैक डॉग, गोल्डन गोवा और किंगफिशर बियर जैसे लोकप्रिय ब्रांडों की पैकिंग का उपयोग किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पूरी शराब नकली और मिलावटी थी।

2.16 लाख रुपये का अवैध मुनाफा

पुलिस ने कार्रवाई में 869 बोतलें, शराब के ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केतली और खाली बोतलें जब्त की हैं। जांच में सामने आया है कि इस अवैध कारोबार से आरोपियों को करीब 2 लाख 16 हजार 245 रुपये का मुनाफा होने वाला था।

दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

मामले में आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू, सुभाष पटेल और विनय सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button