भारत अंडर-19 महिला टीम में छत्तीसगढ़ की महक नरवासे का चयन, श्रीलंका दौरे में दिखाएंगी दम

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण है। राजनांदगांव की प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी महक नरवासे का चयन भारतीय महिला अंडर-19 टीम में हुआ है। महक आगामी श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी, जहां भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 टी-20 श्रृंखला खेली जाएगी।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट को मिली बड़ी उपलब्धि
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) से मिली जानकारी के अनुसार, महक नरवासे को श्रीलंका में आयोजित होने वाली अंडर-19 टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। महक राजनांदगांव की रहने वाली हैं और पिछले कई वर्षों से छत्तीसगढ़ की अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 तथा सीनियर महिला टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में ले रहीं प्रशिक्षण
महक वर्तमान में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी, बेंगलुरु में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी मेहनत और लगातार बेहतर प्रदर्शन का ही परिणाम है कि उन्हें भारतीय अंडर-19 महिला टीम में जगह मिली है।
22 जून से श्रीलंका में शुरू होगी टी-20 सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 महिला टी-20 श्रृंखला 22 जून से श्रीलंका में शुरू होगी। इस दौरे में महक भारतीय टीम का हिस्सा बनकर मैदान में उतरेंगी। उनके चयन से छत्तीसगढ़ क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।







