रायपुर में रील बनाने को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; दो महिलाएं घायल

रायपुर। राजधानी रायपुर के काठाडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में सोशल मीडिया रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दो महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तुलसी के पौधे के पास रील बनाने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, बीएसयूपी कॉलोनी के ब्लॉक नंबर-18 निवासी परमिला सेन ने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि उनके घर की बालकनी में पूजा के लिए तुलसी का पौधा रखा हुआ है। रविवार रात करीब 8:30 बजे पड़ोस में रहने वाले कुछ बच्चे तुलसी के गमले के पास रील बना रहे थे और गमले को हिला रहे थे।
परमिला सेन ने बच्चों को ऐसा करने से रोकते हुए तुलसी के पौधे का सम्मान करने की समझाइश दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
महिलाओं के बीच कहासुनी के बाद हुई मारपीट
शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद पड़ोस में रहने वाली फिरदोस बेगम और उनकी बहन सलतनत बेगम मौके पर पहुंचीं। इसके बाद कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि सलतनत बेगम डंडा लेकर पहुंचीं और परमिला सेन के साथ मारपीट की।
वहीं, फिरदोस बेगम और मेहताब खान पर भी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया।
बीच-बचाव करने पहुंची महिला भी हुई घायल
विवाद के दौरान पड़ोस में रहने वाली पिंकी जार्ज बीच-बचाव करने पहुंचीं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्हें भी मारपीट में चोटें आईं। बताया गया कि उनके सिर और नाक पर डंडे से वार किया गया, जिससे वे घायल हो गईं। दोनों घायलों का उपचार कराया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ी हलचल
घटना के विरोध में बुधवार रात कुछ बजरंग दल कार्यकर्ता सुअर लेकर बस्ती में पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इस दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी भी की गई।
तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार नजर रख रही है।







