‘ड्रोन दीदी अभियान’ से महिला सशक्तिकरण को नई उड़ान, मुख्यमंत्री साय ने दल को दिखाई हरी झंडी

कुनकुरी से रायपुर रवाना हुआ महिला कृषकों का 5 सदस्यीय दल
कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग और महिला किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ‘ड्रोन दीदी अभियान’ के अंतर्गत 5 सदस्यीय महिला कृषक दल को ड्रोन पायलट प्रशिक्षण के लिए रायपुर रवाना किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कुनकुरी स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र परिसर से इस दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
कृषि में तकनीक समय की जरूरत: मुख्यमंत्री साय
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक खेती को अधिक वैज्ञानिक, प्रभावी और लाभकारी बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने बताया कि ‘ड्रोन दीदी अभियान’ केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आधुनिक कृषि और ग्रामीण आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है।
महिला शक्ति को तकनीकी सशक्तिकरण से मिलेगा नया अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी मातृशक्ति हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही है। कृषि क्षेत्र में भी महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि ड्रोन प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि अपने गांवों में अन्य किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने में अग्रणी भूमिका निभाएंगी।
ड्रोन तकनीक से खेती होगी अधिक लाभकारी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से फसलों पर उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव कम समय में, अधिक सटीकता के साथ किया जा सकता है। इससे समय, श्रम और लागत की बचत के साथ उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार और नई पहचान
ड्रोन दीदी अभियान के तहत महिलाओं को ड्रोन संचालन, रखरखाव, सुरक्षा मानकों और कृषि उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद महिलाएं ड्रोन पायलट के रूप में सेवाएं देकर स्वरोजगार प्राप्त कर सकेंगी और ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीक आधारित कृषि सेवाओं का विस्तार भी करेंगी।
ग्रामीण विकास में महिला भागीदारी को बताया जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना ग्रामीण विकास और आधुनिक कृषि की कल्पना अधूरी है। यह अभियान महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है।
‘ड्रोन दीदी अभियान’ का उद्देश्य महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें कृषि क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। यह पहल ‘तकनीक से सशक्त महिला, समृद्ध किसान और विकसित कृषि’ के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।







