रायगढ़ में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 2 हाईवा, JCB और 9 ट्रैक्टर जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने रेत, मिट्टी और मुरुम के अवैध उत्खनन में संलिप्त वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 2 हाईवा, 1 जेसीबी और 9 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई पुसौर तहसील और रायगढ़ शहर के आसपास की गई।
रेत खनन पर प्रतिबंध के बावजूद जारी है अवैध कारोबार
गौरतलब है कि 10 जून से जिले में रेत खनन प्रतिबंधित है, इसके बावजूद रेत माफिया लगातार अवैध खनन और परिवहन में जुटे हुए हैं। कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग ने रेत से लोड दो हाईवा क्रमांक CG 13 AL 5942 और CG 04 JD 6203 को जब्त किया। जांच में दोनों वाहनों के पास कोई वैध रॉयल्टी पर्ची नहीं मिली।
सूरजगढ़ में जेसीबी और ट्रैक्टर जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने पुसौर तहसील के सूरजगढ़ महानदी पुल के पास दबिश देकर अवैध मिट्टी और मुरुम उत्खनन करते हुए दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी जब्त किए। जब्त वाहनों को थाना पुसौर की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह अवैध खनन शंभू प्रसाद साव, निवासी तेलीपाली (पुसौर) द्वारा कराया जा रहा था।
7 ट्रैक्टर रेत परिवहन करते पकड़े गए
इसी कार्रवाई के दौरान ग्राम चंघोरी, तहसील पुसौर में 7 ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए। सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना पुसौर में रखा गया है।
वाहन मालिकों में धरम साय (सिंगपुरी, रायगढ़), छोटेलाल जायसवाल (बालपुर, सक्ती), अनूप साव (सिंगपुरी, रायगढ़), आनंद यादव (सिंगपुरी, रायगढ़), अमित कुमार गुप्ता (त्रिभौना, रायगढ़) और बजरंग निषाद (बालपुर, सक्ती) शामिल हैं।
नियमों के तहत होगी जुर्माने की कार्रवाई
खनिज विभाग ने बताया कि सभी जब्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत जुर्माना एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।







