Uncategorised

ऑपरेशन प्रहार : रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.5 टन संदिग्ध कबाड़ सहित 28.48 लाख की संपत्ति जब्त

Advertisement
Advertisement
Advertisement

लैलूंगा और छाल पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन पर कसा शिकंजा

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना लैलूंगा और थाना छाल पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 6.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़, एक 14 चक्का ट्रक और एक माजदा वाहन सहित कुल 28.48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की है।

लैलूंगा पुलिस ने ट्रक सहित 4.5 टन कबाड़ पकड़ा

09 जुलाई को थाना लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक 14 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में संदिग्ध लोहे का स्क्रैप पत्थलगांव से लैलूंगा होते हुए घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने खम्हार मोड़ मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर ट्रक को रोककर जांच की।

वाहन चालक महेन्द्र लहरे (36 वर्ष), निवासी गोढ़ीकला थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर से कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। तलाशी में ट्रक से करीब 4.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला, जिसकी कीमत लगभग 1.08 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई।

पुलिस ने कुल 16.08 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर धारा 35(क), 35(ङ) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

छाल पुलिस ने माजदा वाहन सहित 2 टन कबाड़ किया जब्त

इसी दिन थाना छाल पुलिस ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई करते हुए ग्राम बोजिया के पास एक माजदा वाहन को रोककर जांच की। पुलिस को सूचना मिली थी कि वाहन में अवैध रूप से कबाड़ लोड कर घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है।

वाहन चालक भूपेन्द्र यादव (36 वर्ष), निवासी ढोढ़ीपारा, कोरबा से कबाड़ के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। वाहन की जांच में लोहे की छड़, एंगल और वाहनों के टूटे-फूटे पार्ट्स सहित करीब 2 टन कबाड़ बरामद हुआ।

पुलिस ने 40 हजार रुपये कीमत का कबाड़ और 12 लाख रुपये कीमत का माजदा वाहन, कुल 12.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर धारा 35(1)(ड) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कबाड़ परिवहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button