RRB Section Controller Recruitment 2026 : रेलवे में सेक्शन कंट्रोलर के 119 पदों पर भर्ती, 15 जुलाई से आवेदन शुरू

14 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन, ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका
नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सेक्शन कंट्रोलर भर्ती 2026 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 119 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 14 अगस्त 2026 तक आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन शुल्क और महत्वपूर्ण तारीखें
आरआरबी सेक्शन कंट्रोलर भर्ती के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 16 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन में सुधार का अवसर 17 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक मिलेगा। वहीं स्क्राइब डिटेल्स जमा करने के लिए पोर्टल 27 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक सक्रिय रहेगा।
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है। जबकि महिला, ट्रांसजेंडर, एक्स सर्विसमैन, एससी, एसटी, अल्पसंख्यक समुदाय, ईबीसी और PwBD उम्मीदवारों को 250 रुपये शुल्क देना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन
RRB Section Controller Recruitment 2026 के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक (Graduation) की डिग्री होना आवश्यक है। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी (NCL) को 3 वर्ष तथा PwBD उम्मीदवारों को 10 वर्ष तक की छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया और वेतनमान
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT), कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा।
CBT परीक्षा में 120 अंकों के प्रश्न होंगे, जिसमें 100 सवाल पूछे जाएंगे। गलत उत्तर देने पर 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के लेवल-6 के तहत वेतन दिया जाएगा। प्रारंभिक वेतन 35,400 रुपये प्रतिमाह होगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर “Create Account” विकल्प पर क्लिक करें।
- आवश्यक जानकारी भरकर अकाउंट बनाएं।
- लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरें।
- फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में पात्रता, परीक्षा प्रक्रिया और अन्य नियमों को ध्यानपूर्वक जरूर पढ़ लें।








