Bhatapara Loot News : दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट, बंदूक की बट से हमला कर सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हुए बदमाश

भाटापारा के रोहरा मार्ग पर वारदात, पुलिस ने नाकेबंदी कर शुरू की आरोपियों की तलाश
भाटापारा। छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े एक सराफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम रोहरा स्थित अपनी दुकान खोलने जा रहे सराफा व्यापारी बलराम सोनी को ग्राम तरेंगा के बाहर सुनसान रास्ते पर चार मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर हमला कर व्यापारी के पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए।
बंदूक की बट से किया हमला
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बदमाशों ने व्यापारी की गाड़ी रुकवाकर बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला किया। हमले में घायल व्यापारी के पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात लूटकर आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
Bhatapara Loot News की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
पहले भी हो चुकी हैं लूट की वारदातें
जिस मार्ग पर यह वारदात हुई है, उसी रास्ते पर पूर्व में भी दो सराफा व्यापारियों से लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि उन मामलों के आरोपियों तक अब तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में एक बार फिर उसी क्षेत्र में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है। देखना होगा कि इस दिनदहाड़े हुई लूट के आरोपियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर पाती है या यह मामला भी पुराने मामलों की तरह लंबित रह जाता है।







