Uncategorised

Raigarh Weather News : बिलासपुर में तेज बारिश का रेल परिचालन पर असर, कई ट्रेनें रद्द, एक्सप्रेस घंटों लेट

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़ में चार दिनों से बदला मौसम, यलो अलर्ट जारी, अगले 24 घंटे में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

रायगढ़। जिले में पिछले चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रुक-रुक कर हो रही बारिश और बादलों के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं, बिलासपुर में हुई तेज बारिश का असर रेलवे संचालन पर भी पड़ा। रेलवे ट्रैक पर जलभराव के कारण शुक्रवार को कई पैसेंजर ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, जबकि अनेक एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों विलंब से रायगढ़ पहुंचीं।

कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं

Raigarh Weather News के बीच डाउन दिशा की जबलपुर-संतरागाछी एक्सप्रेस करीब 9 घंटे की देरी से रायगढ़ पहुंची। ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस लगभग 7 घंटे, हीराकुंड एक्सप्रेस करीब 5 घंटे और पुरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस लगभग 4 घंटे विलंब से चली। वहीं हावड़ा-मुंबई मेल, आजाद हिंद एक्सप्रेस, संतरागाछी-रानी कमलापति एक्सप्रेस और हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से काफी देर बाद रायगढ़ पहुंचीं। रेलवे ने ट्रैक पर जलभराव के चलते कई ट्रेनों को रायगढ़, खरसिया, सक्ती और अन्य स्टेशनों पर रोक-रोककर आगे रवाना किया।

कई पैसेंजर ट्रेनें रहीं रद्द

तेज बारिश के कारण बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर अप और डाउन दोनों दिशाओं में रद्द रही। रायगढ़-बिलासपुर बीआर मेमू को चांपा से ही रद्द कर दिया गया। इसके अलावा दुर्ग-आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस और टाटा-इतवारी-टाटा पैसेंजर भी प्रभावित रहीं। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कई मेमू सेवाओं का संचालन भी स्थगित किया।

यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी

अचानक ट्रेनों के रद्द होने और एक्सप्रेस ट्रेनों के घंटों लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय यात्रियों ने वैकल्पिक साधनों का सहारा लिया, जबकि दूर-दराज जाने वाले यात्रियों को लंबे समय तक रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। ट्रेनों की जानकारी के लिए दिनभर पूछताछ काउंटर पर भीड़ लगी रही।

रायगढ़ जिले के लिए यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने रायगढ़ जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में जिले के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज हवा और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा तथा वज्रपात की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गंगेटिक पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा और बिलासपुर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

ये ट्रेनें रहीं रद्द

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 68734 (बिलासपुर-कोरबा मेमू), 68733 (कोरबा-बिलासपुर मेमू), 68719 (बिलासपुर-रायपुर मेमू), 68746 (रायपुर-बिलासपुर मेमू) और 68745 (बिलासपुर-रायपुर मेमू) को रद्द किया गया। वहीं 68728 (रायपुर-बिलासपुर मेमू) को दाधापारा से ही वापस रायपुर के लिए रवाना किया गया।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button