Ghaziabad Train Derailment : गाजियाबाद-नई दिल्ली रेल मार्ग पर मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे, 53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित

बड़ा हादसा टला, कई ट्रेनें डायवर्ट और रद्द, रेलवे ने शुरू किया बहाली कार्य
नई दिल्ली। गाजियाबाद-नई दिल्ली रेल मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सामान से लदी एक मालगाड़ी के 6 डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिससे इस व्यस्त रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक (DRM), अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे ने तुरंत राहत एवं बहाली कार्य शुरू कराया और प्रभावित ट्रैक को जल्द बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए।
53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित
दुर्घटना के कारण रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है।
- 24 ट्रेनों को दिल्ली-नई दिल्ली के वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया।
- 16 पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गईं।
- 5 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट या शॉर्ट-ओरिजिनेट किया गया।
- आनंद विहार आने वाली 8 ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोककर रेगुलेट किया जा रहा है।
रेलवे के अनुसार इस घटना से कुल 53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
रेलवे ने शुरू किया ट्रैक बहाली कार्य
रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रैक की मरम्मत और डिब्बों को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों का कहना है कि रेल यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
बिलासपुर में भी सोमवार को हुआ था हादसा
इससे पहले छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करगी रोड स्टेशन के पास सोमवार को एक मालगाड़ी के 3 खाली डिब्बे पटरी से उतर गए थे। घटना के बाद रेलवे की तकनीकी और परिचालन टीमों ने मौके पर पहुंचकर बहाली कार्य शुरू कर दिया था।







