Raigarh Crime : धसकामुड़ा के खुडख़ुडिय़ा जुआ फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 33 जुआरी गिरफ्तार

7 चारपहिया वाहन, 57 हजार नकद और 5 गैस लाइट जब्त, ऑपरेशन अंकुश के तहत हुई कार्रवाई
रायगढ़। रायगढ़ जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। रायगढ़-कोरबा बॉर्डर के पास स्थित धसकामुड़ा गांव में मेले के दौरान संचालित पांच अलग-अलग खुडख़ुडिय़ा जुआ फड़ों पर पुलिस ने दबिश दी। कार्रवाई में पुलिस ने 7 चारपहिया वाहन, 57,140 रुपये नकद और 5 गैस लाइट जब्त की हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, धसकामुड़ा गांव में मेले के बाहर बस्ती के छोर पर बड़े पैमाने पर खुडख़ुडिय़ा जुआ संचालित होने की सूचना छाल थाना पुलिस को मिली थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने योजना बनाकर मौके की घेराबंदी की और दबिश दी।
पुलिस को देखते ही जुआरी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने पांच अलग-अलग जुआ फड़ों से कुल 33 लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
90 लाख की संपत्ति और नकदी जब्त
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक किया और एक ऑल्टो कार जब्त की गई। जब्त वाहनों और अन्य संपत्ति की कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा जुआ फड़ से 57,140 रुपये नकद और 5 गैस लाइट भी बरामद की गईं।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
छाल पुलिस ने गिरफ्तार सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अलग-अलग पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
ऑपरेशन अंकुश के तहत जारी रहेगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







