Kharsia Crime : स्कॉर्पियो चालक पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, दुर्घटना के बाद चालक गिरफ्तार

खरसिया में बुजुर्ग को टक्कर मारकर 200 से 250 फीट तक घसीटने का आरोप, नशे में वाहन चलाने की पुष्टि के बाद पुलिस की सख्त कार्रवाई।
दुर्घटना के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई
खरसिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में सख्त कार्रवाई के तहत चौकी खरसिया पुलिस ने एक गंभीर सड़क हादसे में स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
बुजुर्ग को मारी टक्कर, कई फीट तक घसीटने का आरोप
पुलिस के अनुसार, टी.आई.टी. कॉलोनी खरसिया निवासी योगेश गर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:45 बजे उनके बड़े पिता कैलाश गर्ग (73 वर्ष) मंगल बाजार से राठौर चौक की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे।
राठौर चौक के पास पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 13 AY 6539 ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। शिकायत के अनुसार, टक्कर के बाद वाहन चालक मोटरसाइकिल को लगभग 200 से 250 फीट तक घसीटते हुए ले गया, जिससे कैलाश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार अस्पताल में जारी है।
नशे में वाहन चलाने की पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देशन एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने आरोपी भीष्म कुमार यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम उपनी, थाना डभरा, जिला सक्ती को 21 जुलाई 2026 को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिया। जांच में घटना के समय आरोपी के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर उसके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी जोड़ी गई।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन अधिकारियों की रही प्रमुख भूमिका
पूरे प्रकरण में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई मनोज पटेल एवं चौकी खरसिया पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।








