Wildlife Crime Raigarh : जंगली सुअर का शिकार कर मांस बेचने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़। जिले में जंगली सुअर का शिकार कर उसका मांस बेचने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद फरार चल रहे चार अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया। सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मांस बेचने की सूचना पर हुई कार्रवाई
वन विभाग को 20 जुलाई को सूचना मिली थी कि जुनवानी सर्किल के ग्राम गेरवानी नदी के पास एक व्यक्ति जंगली सुअर का मांस बेचने जा रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर टीकाराम कंवर (48) को गिरफ्तार कर लिया।
बिजली के तार से किया था शिकार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जंगली सुअर का शिकार बिजली के तार से हुकिंग कर किया गया था। शिकार के बाद टांगी से काटकर लगभग 7.5 किलोग्राम मांस थैले में भरकर गांव में बेचने ले जाया जा रहा था।
चार साथी भी निकले शामिल
पूछताछ में टीकाराम कंवर ने बताया कि इस वारदात में उसके चार अन्य साथी भी शामिल थे। इसके बाद वन विभाग ने जयप्रकाश धनवार (20), हीरा धनवार (26), कन्हैया यादव (26) और लखन यादव (26), सभी निवासी ग्राम छिंदभौना, की तलाश शुरू की।
सभी आरोपी भेजे गए जेल
सोमवार को वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए चारों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप वनमंडलाधिकारी (प्रशिक्षु आईएफएस) तन्मय कौशिक, रेंजर संजय लकड़ा, सर्किल प्रभारी जुनवानी ललित राठिया, राजकुमार सारथी, वनरक्षक कुशल कंवर, राहुल गुप्ता, सरोज भोय तथा परिसर रक्षक पालू साहू, तुलसी बसोड़ और दाताराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







