Uncategorised

जलभराव रायगढ़ : नाले से निकला 7 ट्रैक्टर कचरा, निगम आयुक्त ने मौके पर खड़े होकर कराई सफाई

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। शहर को जलभराव से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आलोक सिटी मॉल के सामने, संजय मार्केट, सुभाष चौक मार्ग और शांति लॉज गली का निरीक्षण कर स्वयं मौके पर मौजूद रहकर नाला-नालियों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।

नाले से निकला सात ट्रैक्टर कचरा

निरीक्षण के दौरान आलोक सिटी मॉल के सामने स्थित नाला चैंबर पूरी तरह जाम मिला। सफाई के दौरान लगभग सात ट्रैक्टर-ट्रॉली प्लास्टिक की बोतलें, डिस्पोजल सामग्री, सिंगल यूज प्लास्टिक, पैकेजिंग सामग्री, प्लास्टिक की शीशियां और अन्य ठोस कचरा व मलबा निकाला गया। भारी मात्रा में जमा कचरे के कारण नाले का पानी रुक गया था, जिससे संजय मार्केट और सुभाष चौक क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी।

शांति लॉज गली में सुधारी गई जल निकासी व्यवस्था

इसके बाद आयुक्त ने शांति लॉज गली का निरीक्षण किया, जहां छोटी नाली का पानी बड़े नाले तक नहीं पहुंच रहा था। समस्या के स्थायी समाधान के लिए सड़क काटकर छोटी नाली को बड़े नाले से जोड़ा गया तथा पूरी नाली की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया गया।

कचरा नालों में फेंकना बना बड़ी समस्या

आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नगर निगम नियमित रूप से नाला-नालियों की सफाई करता है, लेकिन नागरिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों द्वारा प्लास्टिक, डिस्पोजल, थर्माकोल, पैकेजिंग सामग्री और निर्माण मलबा नालों में फेंकने से जल निकासी बाधित होती है। यही कारण है कि थोड़ी सी बारिश में भी शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन जाती है।

नागरिकों से सहयोग की अपील

आयुक्त ने शहरवासियों और व्यापारियों से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का पालन करने, कचरे का उचित निस्तारण करने और नाला-नालियों में किसी भी प्रकार का कचरा नहीं डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और जलभराव मुक्त शहर बनाने में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। नगर निगम आने वाले दिनों में भी विशेष सफाई अभियान जारी रखेगा।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button