मौसम अलर्ट : छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, रायगढ़ और बलौदाबाजार में रेड अलर्ट, तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। इसी बीच रायपुर मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
रायगढ़ और बलौदाबाजार में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने रायगढ़ और बलौदाबाजार जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं बिलासपुर, रायपुर और जांजगीर-चांपा जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का असर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके उत्तर दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।
कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज बारिश के दौरान नदी-नालों के पास जाने से बचने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।







