रायगढ़

सड़क हादसे में मृत युवक की बाइक के पार्ट्स चोरी, पुसौर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Advertisement

रायगढ़। थाना पुसौर क्षेत्र में सड़क हादसे में मृत युवक की क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल के पार्ट्स चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मोटरसाइकिल के पार्ट्स और इंजन नंबर JC85AD4127825 बरामद किया है। मामले में थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 216/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

सड़क हादसे में हुई थी युवक की मौत

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को शत्रुघन मेहर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BF 4628 (होंडा साइन) से सब्जी बेचने रायगढ़ जा रहे थे। ग्राम चिखली और रैबार के बीच पिकअप वाहन क्रमांक CG 06 HD 3685 के चालक तनुज भोय, निवासी नुआपाड़ा, ओडिशा द्वारा कथित रूप से तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी गई।

हादसे में शत्रुघन मेहर की मौके पर ही मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को मृतक के भाई संजय मेहर के सुपुर्द कर दिया था।

ढाबे के सामने खड़ी की थी क्षतिग्रस्त बाइक

मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण संजय मेहर ने उसे चिखली के पास अपने ढाबे के सामने खड़ा कर दिया था। 18 अगस्त 2026 को जब संजय मेहर मौके पर पहुंचे तो मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली।

इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुसौर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

इंजन नंबर से मिला महत्वपूर्ण सुराग

जांच के दौरान थाना पुसौर के इस्तगासा क्रमांक 08/2026 में जब्त मोटरसाइकिल पार्ट्स और इंजन नंबर JC85AD4127825 के संबंध में परिवहन कार्यालय से जानकारी ली गई। जांच में पता चला कि उक्त इंजन मृतक शत्रुघन मेहर के नाम पर पंजीकृत मोटरसाइकिल का था।

पूछताछ में चोरी का मामला सामने आया

पुलिस ने जांच के आधार पर मोहनीश पटेल (21 वर्ष), निवासी खोखरा, थाना पुसौर और शिव कुमार खुंटे (22 वर्ष), निवासी जूटमिल क्षेत्र, रायगढ़ को पूछताछ के लिए बुलाया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में दोनों के खिलाफ मोटरसाइकिल के पार्ट्स चोरी करने का अपराध प्रमाणित पाया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए 18 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button