सड़क हादसों से बचाने हनुमान जी से बच्चों ने लगाई गुहार, पोस्टर लेकर पहुंचे मंदिर

श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं प्रार्थना कार्यक्रम का दूसरा सप्ताह, करीब 200 लोगों की रही मौजूदगी
रायगढ़। शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान और रायगढ़ के विकास को लेकर चलाए जा रहे श्री संकट मोचन हनुमान जी की चालीसा एवं प्रार्थना कार्यक्रम का मंगलवार को दूसरा सप्ताह रहा। रायगढ़ बचाओ-लड़ेंगे रायगढ़ अभियान के तहत 25 अगस्त को रामपुर पहाड़ स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर शहर की समस्याओं से निजात दिलाने की प्रार्थना की गई।
सात प्रमुख बिंदुओं को लेकर चल रहा चरणबद्ध कार्यक्रम
रायगढ़ बचाओ-लड़ेंगे रायगढ़ के विनय शुक्ला ने बताया कि सात प्रमुख बिंदुओं को लेकर यह कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से चलाया जा रहा है। प्रत्येक मंगलवार को शहर के अलग-अलग हनुमान मंदिरों में श्री हनुमान चालीसा का पाठ और संकट मोचन हनुमान जी से रायगढ़ के हित में प्रार्थना की जा रही है। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की सहभागिता लगातार बढ़ रही है।
सड़क हादसे, प्रदूषण और बेरोजगारी से मुक्ति की प्रार्थना
कार्यक्रम के दौरान रायगढ़ को सड़क दुर्घटनाओं, प्रदूषण, बेरोजगारी, महंगी शिक्षा, अव्यवस्थित सरकारी अस्पतालों, गंदे पेयजल तथा अव्यवस्थित भवनों और खंडहर में तब्दील हो रहे सरकारी कॉलेज एवं स्कूलों जैसी समस्याओं से निजात दिलाने की प्रार्थना की गई।
बच्चों ने बनाया भावुक पोस्टर
इस सप्ताह कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों की जागरूकता भी आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने स्वयं पोस्टर तैयार कर उस पर लिखा— “श्री हनुमान जी Pls- Road Accident से बचाना Pls (रायगढ़)”। पोस्टर लेकर बच्चे हनुमान जी के समक्ष पहुंचे और सड़क दुर्घटनाओं से रायगढ़ को बचाने की प्रार्थना की। बच्चों की इस पहल ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और यह संदेश दिया कि शहर की समस्याओं को लेकर बच्चों में भी जागरूकता बढ़ रही है।
करीब 200 लोगों ने की सहभागिता
विनय शुक्ला ने बताया कि मंगलवार को आयोजित हनुमान चालीसा पाठ एवं प्रार्थना कार्यक्रम में उत्कल समाज के पूर्व सचिव देवेश षड़ंगी, पं. हरिशंकर शर्मा, श्री रामजी लाल अग्रवाल, नीलकंठ साहू, मयूर कछवाहा, राज देवांगन, जसविंदर कौर, रजनी बासोद, गजानंद पटेल, लक्ष्मी प्रसाद यादव, मनोज शुक्ला, निशित जायसवाल, प्रियंका सिदार, अम्बे सोना, विमला सिदार, उमा महंत, अनामिका चौहान, अनिल चीकू सहित करीब 200 लोग उपस्थित रहे।






