जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया हत्या का मामला, युवक समेत पांच हिरासत में

लूटपाट का विरोध करने पर ट्रक किनारे सो रहे व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या, रक्तरंजित कपड़े, मोटरसाइकिल और चाकू जब्त
रायगढ़। जूटमिल पुलिस ने सारंगढ़ ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के हत्या मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19 वर्ष) और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह लूटपाट का विरोध करना सामने आया है।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी लूटपाट की नीयत से सड़क किनारे ट्रक के पास सो रहे व्यक्ति की जेब से रुपये और मोबाइल निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान व्यक्ति की नींद खुल गई और उसने आरोपियों का विरोध किया। विरोध से नाराज होकर आरोपियों में से एक बालक ने बटन चाकू से व्यक्ति के शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल जब्त
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने युवक और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और बटन चाकू जब्त किया गया है।






