छत्तीसगढ़

नेपाल में बाढ़-भूस्खलन से हालात गंभीर, छत्तीसगढ़ के 2 नागरिक लापता; 5 सुरक्षित लौट रहे

Advertisement

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर सरकार ने तेज की निगरानी, परिजनों और केंद्रीय एजेंसियों से लगातार समन्वय

रायपुर। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर राहत और निगरानी के प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की लगातार जानकारी जुटा रही है।

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार प्रदेश से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति के संबंध में जानकारी मिली है। इनमें रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं दो नागरिकों के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है, जबकि बिलासपुर और सरगुजा से जुड़े दो नागरिकों के लापता होने की सूचना है।

मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन के अनुसार उनके परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। उनकी स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

मंजू राय चौधरी के संबंध में भी संपर्क

बिलासपुर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। प्रशासन उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन करने के साथ संबंधित एजेंसियों के साथ आवश्यक समन्वय कर रहा है।

प्रियंका और डॉ. मीना अब भी लापता

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, सरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, के भी नेपाल में लापता होने की सूचना है। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जा रहा है।

रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित

रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय

आपदा की स्थिति के बीच राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिजनों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है।

राज्य सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए हुए है। सरकार ने अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button