खरसिया : इंस्टाग्राम रील में पिस्टलनुमा लाइटर दिखाना पड़ा भारी, युवक पर पुलिस ने की कार्रवाई

बाइक चलाते समय हाथ में हथियार जैसी वस्तु लेकर बनाया था वीडियो, पुलिस ने बुलाकर की पूछताछ
खरसिया। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बढ़ाने के लिए हथियार या हथियार जैसे दिखने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन करना अब परेशानी का कारण बन सकता है। खरसिया थाना क्षेत्र के छोटेमुड़पार में एक युवक को इंस्टाग्राम पर पिस्टलनुमा लाइटर के साथ रील बनाना भारी पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद खरसिया पुलिस ने युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय लोगों की ओर से पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल चलाते हुए हाथ में पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लेकर रील बना रहा है। शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने थाना पुलिस को वीडियो की पुष्टि कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान खेम सिंह रौतिया (22 वर्ष), पिता गणेश राम, निवासी छोटेमुड़पार, खरसिया के रूप में की।
पूछताछ में युवक ने स्वीकार की रील बनाने की बात
पुलिस के मुताबिक उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, प्रधान आरक्षक खीरेन्द्र जलतरे और आरक्षक विशोप सिंह की टीम ने युवक को थाने बुलाकर वीडियो के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में खेम सिंह ने बताया कि उसने 28 अगस्त को अपने मोबाइल से मोटरसाइकिल पर पिस्टलनुमा लाइटर हाथ में लेकर रील बनाई थी और बाद में उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था।
पुलिस ने सोशल मीडिया को लेकर दी समझाइश
पुलिस ने युवक को समझाया कि हथियार जैसी दिखाई देने वाली वस्तु के साथ वीडियो या रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने से लोगों के बीच भय या गलत संदेश फैल सकता है। पुलिस ने ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान मोहल्ले के लोगों द्वारा शिकायत किए जाने की बात पर युवक ने कथित तौर पर उतावलेपन में व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर थाने लाया।
इसके बाद थाना खरसिया में धारा 170 बीएनएसएस/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया यूजर्स से अपील
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए हथियार या हथियार जैसे दिखने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन करते हुए वीडियो और रील न बनाएं। ऐसी सामग्री से लोगों में डर का माहौल बन सकता है और कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की है, जिससे कानून के तहत कार्रवाई की नौबत आए।






