राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षिका सुनीता यादव को प्रदान किया राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए गौरव का ऐतिहासिक क्षण, छत्तीसगढ़ से सम्मान पाने वाली एकमात्र शिक्षिका
रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए गौरव का ऐतिहासिक क्षण सामने आया। बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिचरी की शिक्षिका श्रीमती सुनीता यादव को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय सम्मान के लिए एकमात्र चयन
श्रीमती सुनीता यादव इस वर्ष छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होने वाली एकमात्र शिक्षिका हैं। उनके चयन से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान
राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान देशभर से चयनित उन स्कूली शिक्षकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के साथ नवाचार को बढ़ावा दिया और विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रभावी कार्य किया है। सुनीता यादव को भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनुकरणीय योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
विज्ञान भवन में दिखी शिक्षकों की उपलब्धियों की झलक
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में देशभर से चयनित शिक्षकों की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर चयनित शिक्षकों के अनुकरणीय कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर आधारित लघु वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किए गए।
जिले और प्रदेश के लिए गौरव का अवसर
सुनीता यादव को राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान मिलने से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है।






