उसलापुर स्टेशन पर महाप्रबंधक का संरक्षा निरीक्षण, आधुनिक तकनीक से सिग्नल केबल में लीकेज की जांच

सिग्नल प्रणाली की सुरक्षा बढ़ाने वाली तकनीक का सफल प्रदर्शन
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने उसलापुर स्टेशन का संरक्षा निरीक्षण किया। रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बिना परिचालन बाधित किए अर्थ फॉल्ट की पहचान
निरीक्षण के दौरान उसलापुर स्टेशन के केंद्रीय आईपीएस कक्ष में सिग्नल प्रणाली में इस्तेमाल होने वाली केबलों की विद्युत सुरक्षा जांच की आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन किया गया। इसके लिए ‘पोर्टेबल इंसुलेशन मॉनिटर विद फॉल्ट लोकेटर किट’ का उपयोग किया गया।
प्रदर्शन के दौरान ईएलडी की 110 वोल्ट एसी प्रणाली में कृत्रिम अर्थ फॉल्ट उत्पन्न कर उपकरण की मदद से लीकेज करंट की सटीक जांच की गई। इस तकनीक की खासियत यह है कि विद्युत परिपथ को अलग किए बिना तथा परिचालन व्यवस्था को प्रभावित किए बिना अर्थ फॉल्ट की पहचान की जा सकती है।
निवारक रखरखाव में मिलेगी मदद
आधुनिक उपकरण के जरिए संभावित विद्युत रिसाव या तकनीकी दोष की पहचान अधिक सरल और प्रभावी ढंग से की जा सकती है। इससे जांच प्रक्रिया के दौरान ट्रेनों के परिचालन में भी व्यवधान नहीं आता। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने तकनीक के प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए इसे सिग्नल एवं केबल प्रणाली की संरक्षा तथा निवारक रखरखाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग करने और नियमित जांच के माध्यम से संभावित तकनीकी खामियों का समय रहते पता लगाकर उन्हें दूर करने पर विशेष जोर दिया।
पॉइंट एवं क्रॉसिंग की भी आकस्मिक जांच
महाप्रबंधक ने उसलापुर स्टेशन पर पॉइंट एवं क्रॉसिंग का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने संरक्षित रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न सुरक्षा मानकों और निर्धारित मापदंडों को मौके पर परखा। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पॉइंट और क्रॉसिंग की कार्यप्रणाली, रखरखाव तथा संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कर्मचारियों को पूरी सजगता और सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
‘संरक्षा सर्वोपरि’, समय रहते खामियां दूर करने पर जोर
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से संभावित खामियों की समय रहते पहचान और निवारक रखरखाव से रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता और सजगता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






