तेलीबांधा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, ठेले-गुमटियां हटाईं, दुकानदारों के काटे चालान

पीडब्ल्यूडी चौक से नेताजी होटल तिराहे तक कार्रवाई, रिंग रोड और श्याम नगर में भी हटाया सड़क घेरकर किया गया कब्जा
रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और नगर निगम की टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र में संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर खड़े ठेले-गुमटियों को हटाया गया और यातायात में बाधा पैदा करने वाले दुकानदारों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई।
सड़क तक फैला था दुकानों का सामान
संयुक्त टीम ने पीडब्ल्यूडी चौक से नेताजी होटल तिराहे तक अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर ठेले, गुमटियां और दुकानों का सामान सड़क की सीमा तक फैला मिला। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
टीम ने ऐसे सभी स्थानों से अतिक्रमण हटवाया और सड़क पर कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों पर जुर्माना लगाया।
विज्ञापन बोर्ड और होर्डिंग भी हटाए
अतिक्रमण की कार्रवाई केवल ठेले और गुमटियों तक सीमित नहीं रही। दुकानों के बाहर सड़क की जगह घेरकर लगाए गए विज्ञापन बोर्ड, होर्डिंग और अन्य प्रचार सामग्री को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। टीम ने मौके पर मौजूद ऐसी सामग्री को जब्त कर लिया।
रिंग रोड और श्याम नगर में भी कार्रवाई
तेलीबांधा के बाद पुलिस और नगर निगम की टीम ने रिंग रोड और श्याम नगर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क की जगह घेरकर कारोबार करने या यातायात प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
टाटीबंध और पचपेड़ी नाका में भी हो चुकी है कार्रवाई
शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए पुलिस एवं नगर निगम पहले भी टाटीबंध और पचपेड़ी नाका क्षेत्र में संयुक्त अभियान चला चुके हैं। इन अभियानों के जरिए सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से किए गए कब्जों को हटाया गया था।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अधिकारियों के मुताबिक शहर के व्यस्त इलाकों में सड़क घेरकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के साथ वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।






