NEP छात्रों को बड़ी राहत, एक-दो विषयों में फेल होने पर भी 5वें सेमेस्टर में मिलेगा प्रवेश

उच्च शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, हजारों विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष बचने की उम्मीद
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों के हित में उच्च शिक्षा विभाग ने अहम निर्णय लिया है। प्रथम या द्वितीय सेमेस्टर के एक-दो प्रश्नपत्रों में अनुत्तीर्ण होने के कारण 5वें सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित हो रहे विद्यार्थियों को अब अनंतिम रूप से प्रवेश दिया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच सकेगा।
शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों को बड़ी राहत
सरकार ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर संवेदनशील है। नई शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान विद्यार्थियों के व्यापक हित को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
एक-दो पेपर में असफल छात्रों को मिलेगा मौका
निर्णय के अनुसार प्रथम अथवा द्वितीय सेमेस्टर के एक या दो प्रश्नपत्रों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को अब 5वें सेमेस्टर में अनंतिम प्रवेश दिया जा सकेगा। ऐसे विद्यार्थी केवल इन विषयों में असफल होने के कारण आगे की पढ़ाई से वंचित नहीं होंगे।
अध्यादेश में भी किया जाएगा आवश्यक संशोधन
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के हित में संबंधित अध्यादेश में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया भी की जाएगी। सरकार का कहना है कि NEP के क्रियान्वयन में यदि किसी स्तर पर व्यावहारिक अड़चन आती है तो उसे समय रहते दूर किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार का स्पष्ट रुख
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य में नई शिक्षा नीति को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित और उनके सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस फैसले से NEP के तहत पढ़ाई कर रहे उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें कुछ विषयों में असफल होने के कारण 5वें सेमेस्टर में प्रवेश का संकट सामने आ रहा था।






