किंशासा में शादी समारोह के दौरान भीषण अग्निकांड, 22 लोगों की जिंदा जलकर मौत

रातभर धधकती रही इमारत, कई लोग घायल
कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य की राजधानी किंशासा में शुक्रवार रात एक शादी समारोह के दौरान भीषण अग्निकांड हो गया। लिंगवाला इलाके की एक इमारत में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे में कम से कम 22 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। आग शुक्रवार देर रात लगी और शनिवार सुबह तक इमारत से धुआं और लपटें उठती रहीं।
संकरे गलियारों के कारण बचाव में आई मुश्किल
यह हादसा किंशासा के उत्तरी हिस्से में स्थित लिंगवाला इलाके में हुआ। आग लगने के बाद समारोह में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश कर रहे लोगों के सामने इमारत के संकरे गलियारे बड़ी बाधा बन गए। कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आ गए।
घायलों को सड़क किनारे पहुंचाया गया
आग में फंसे लोगों को बचाने के लिए शादी समारोह में मौजूद लोगों ने भी प्रयास किया। राहत एवं बचाव के दौरान इमारत से निकाले गए कई लोगों को सड़क किनारे लिटाकर प्राथमिक मदद देने की कोशिश की गई। इनमें कुछ लोगों की जान बच गई, जबकि कुछ ने दम तोड़ दिया।
खुशियों का समारोह बदला मातम में
जिस इमारत में शादी समारोह के चलते खुशियों और उत्सव का माहौल था, वही जगह कुछ ही देर में चीख-पुकार और मातम में बदल गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के कारणों और घटना में घायल लोगों की स्थिति को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।






