इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा और दुष्कर्म का आरोप; पुसौर पुलिस ने युवक को भेजा जेल

युवती की शिकायत पर कार्रवाई, आरोपी पर शादी की तैयारी के नाम पर 45 हजार रुपये लेने का भी आरोप
रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती ने एक युवक पर इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती करने, शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी की तैयारी के नाम पर उससे 45 हजार रुपये लिए। शिकायत के आधार पर पुसौर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इंस्टाग्राम पर भेजी थी फ्रेंड रिक्वेस्ट
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को युवती ने पुसौर थाने में ग्राम बुनगा निवासी अनिल कुमार साव (24) के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में युवती ने बताया कि वर्ष 2025 में अनिल ने उसे इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत होने लगी।
शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप
युवती के अनुसार, बातचीत के दौरान अनिल ने उसके सामने प्रेम का इजहार किया और शादी करने तथा पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिया। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर 2025 को अनिल ने उसे पटेलपाली कॉलेज के पास मिलने बुलाया। वहां से वह उसे एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए गए।
युवती का आरोप है कि इसके बाद भी शादी का भरोसा देकर आरोपी ने मई 2026 तक अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
शादी के लिए दबाव बनाने पर विवाद का आरोप
शिकायत के अनुसार, जब युवती आरोपी पर शादी करने के लिए दबाव बनाती थी, तो वह विवाद करता और उसे वहां से चले जाने के लिए कहता था। युवती ने पुलिस को दी शिकायत में पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
शिकायत मिलने के बाद पुसौर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कुमार साव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।






