Chhattisgarh News: स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और हर नागरिक तक पहुंच सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मंत्रालय महानदी भवन में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की कमी दूर करने के दिए निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक बेहतर और सुलभ बनाने के लिए राज्य सरकार ने सुविधाओं के विस्तार के साथ उपचार की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को जरूरत के समय गुणवत्तापूर्ण इलाज, आवश्यक दवाइयां, जांच और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री साय ने मंत्रालय महानदी भवन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के कामकाज की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और कार्ययोजनाओं की समीक्षा
बैठक में संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन, संचालनालय आयुष एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अंतर्गत संचालित योजनाओं, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डॉक्टरों और चिकित्सा सुविधाओं की कमी दूर करने के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार हुआ है और कई अच्छे अस्पताल एवं चिकित्सा संस्थान विकसित किए गए हैं। अब आवश्यकता इस बात की है कि इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ मरीजों को मिले।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों, विशेषज्ञों, स्वास्थ्य कर्मियों, चिकित्सा उपकरणों या जांच सुविधाओं की कमी है, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर कमियों को दूर किया जाए।
मरीजों को समय पर मिले बेहतर उपचार
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि चिकित्सा संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ सेवाओं की गुणवत्ता और उनकी पहुंच सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के नागरिकों को जरूरत के समय सहज रूप से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।






