छत्तीसगढ़

रामलला दर्शन योजना के तहत 850 श्रद्धालु अयोध्या रवाना, काशी विश्वनाथ के भी करेंगे दर्शन

Advertisement

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी रामलला दर्शन योजना प्रदेश के श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने और उनकी आस्था को साकार करने का माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत बुधवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन के साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन भी करेंगे।

जय श्रीराम के जयकारों के बीच शुरू हुई तीर्थयात्रा

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ अपनी पवित्र यात्रा का शुभारंभ किया। विशेष ट्रेन में बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों के 850 श्रद्धालु सवार हुए। यात्रा के दौरान उन्हें अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन और वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का अवसर मिलेगा।

जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, रेलवे तथा भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा

रामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस यात्रा में वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर को भी शामिल किया गया है, जिससे श्रद्धालु एक ही तीर्थयात्रा के दौरान दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।

योजना के तहत विशेष ट्रेन की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से तीर्थयात्रा करने की सुविधा मिल रही है। बिलासपुर से 850 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना होने के साथ ही धार्मिक आस्था और तीर्थाटन को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार की इस पहल का लाभ एक बार फिर श्रद्धालुओं तक पहुंचा है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button