छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Rajyotsav 2026 : पलक मुच्छाल, स्वास्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य बिखेरेंगे सुरों का जादू, तीन दिन सजेगा सांस्कृतिक मंच

Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में 1 से 3 नवंबर तक राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय समारोह में प्रदेश की लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया समारोह का शुभारंभ करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

इस बार राज्योत्सव में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायकों के साथ छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। पहले दिन पलक मुच्छाल, दूसरे दिन स्वास्ति मेहुल और अंतिम दिन अभिजीत भट्टाचार्य की संगीतमय प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।

मुख्य मंच पर तीनों दिन होंगे खास आयोजन

1 नवंबर : पलक मुच्छाल की प्रस्तुति

राज्योत्सव के पहले दिन मुख्य मंच पर शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। शाम 5 से 6 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत प्रस्तुत करेंगे। शाम 6 बजे रायपुर के अनुराग शर्मा की प्रस्तुति होगी। इसके बाद शाम 6:30 से रात 8 बजे तक उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। रात 8 बजे से पार्श्व गायिका पलक मुच्छाल अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगी।

2 नवंबर : स्वास्ति मेहुल करेंगी मनोरंजन

दूसरे दिन शाम 6 से 7 बजे तक ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य प्रस्तुति होगी। इसके बाद शाम 7 बजे रायपुर के कलाकार सुनील सोनी मंच पर प्रस्तुति देंगे। रात 8 बजे से गायिका स्वास्ति मेहुल अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

3 नवंबर : अभिजीत भट्टाचार्य करेंगे समापन

समारोह के अंतिम दिन शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत पेश करेंगे। शाम 6:30 बजे पद्मश्री उषा बारले पंथी नृत्य की प्रस्तुति देंगी। शाम 7 से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा। इसके बाद रात 9 बजे से गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपने लोकप्रिय गीतों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन करेंगे।

शिल्पग्राम में भी दिखेगी छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति

मुख्य मंच के अलावा शिल्पग्राम में भी तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां स्थानीय और प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे कलाकार लोकसंगीत, नृत्य, नाटक और अन्य विधाओं की प्रस्तुतियां देंगे।

पहले दिन नौ प्रस्तुतियां

1 नवंबर को शिल्पग्राम में नौ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां निर्धारित हैं। रायपुर के शिवेन्द्र मंडावी लोकसंगीत और गिटार वादन करेंगे। राजीव श्रीवास्तव का रिदम बैंड और संतोष कुमार सिन्हा का फ्यूजन बैंड भी प्रस्तुति देंगे।

दुर्ग के चेतन देवांगन और रायपुर की दुर्गा साहू पंडवानी गायन करेंगे। अनुष्का सुल्ताना शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा दुर्ग की रजनी रजक लोकमंच एवं ढोलामारू, बिलासपुर की वंदिता साहू लोकसंगीत और पायल साहू लोकमंच की प्रस्तुति देंगी।

दूसरे दिन 11 सांस्कृतिक कार्यक्रम

2 नवंबर को शिल्पग्राम में कुल 11 कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रसन्ना अवस्थी लोकसंगीत और नृत्य प्रस्तुत करेंगी, जबकि सुष्मिता दास ओडिसी नृत्य करेंगी। दुर्ग की समप्रिया पूजा निषाद पंडवानी गाथा सुनाएंगी। बिलासपुर के अंकित निर्मलकर सूफी, गजल और सुगम संगीत पेश करेंगे।

गरियाबंद की मिलवंतीन बाई सुआ नृत्य करेंगी। रायपुर की मेघा बोस ताम्रकार पारंपरिक लोकसंगीत और आंचल पाण्डेय कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। धमतरी की रुखमनी दीवान लोकमंच पर प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही आदित्य मिश्रा बैंड, विनीता त्रिपाठी का कथक नृत्य और तेजराम साहू का लोकमंच कार्यक्रम भी आकर्षण का हिस्सा रहेगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button