CG Foundation Day 2026 : नवा रायपुर के आसमान में सारंग टीम का रोमांचकारी प्रदर्शन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की वायु सेना के शौर्य की सराहना

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस रोमांचकारी हवाई प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जांबाजों ने अपने साहसिक करतबों और शानदार तालमेल से उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया।
आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा, हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से भर दिया।
वायु सेना के प्रदर्शन को मुख्यमंत्री ने बताया गौरव का विषय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय वायु सेना के जवानों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिष्ठित सारंग टीम का यह आयोजन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।
उन्होंने कहा कि वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। यह आयोजन केवल रोमांचकारी हवाई करतबों तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय भी है।
राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहे।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस की खुशियों के बीच भारतीय वायु सेना के जांबाजों का यह अद्भुत प्रदर्शन प्रदेशवासियों के उत्साह और गौरव को और बढ़ा रहा है।
मोर की पहचान से जुड़ा है सारंग टीम का नाम
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस प्रकार मोर देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी प्रकार सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर राज्य स्थापना के उत्सव के साथ भारतीय वायु सेना का शौर्य, अनुशासन और अदम्य साहस भी जुड़ गया है। नवा रायपुर का आसमान वायु वीरों के अद्भुत हुनर, साहस और आपसी तालमेल का साक्षी बन रहा है।
कठिन प्रशिक्षण और आपसी विश्वास से संभव होते हैं हवाई करतब
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों की विभिन्न फॉर्मेशन और साहसिक करतब देखने में भले ही सहज और सुंदर लगते हों, लेकिन इनके पीछे विस्तृत योजना, निरंतर अभ्यास, गहरी एकाग्रता और असाधारण समन्वय होता है।
प्रत्येक पायलट को अपनी भूमिका के साथ-साथ अपने साथियों की गतिविधियों पर भी पूरा ध्यान रखना पड़ता है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में एक-दूसरे पर अटूट विश्वास और सटीक तालमेल से ही ऐसी शानदार प्रस्तुतियां संभव हो पाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन यह संदेश देता है कि अनुशासन, समर्पण, सामूहिक प्रयास और आपसी विश्वास के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।






