छत्तीसगढ़

जशपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय, कांग्रेस पर साधा निशाना

Advertisement

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का विश्वास और जनादेश है। राजनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस के शासनकाल पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस ने लगभग 55 वर्षों तक केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद देश की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, घोटालों और कुशासन ने देश की प्रगति को प्रभावित किया। कोयला और जमीन से जुड़े घोटालों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली के कारण जनता का विश्वास उससे कमजोर हुआ है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। जनता का विश्वास केवल उसके बीच रहकर, समस्याओं का समाधान करके और विकास कार्यों के माध्यम से हासिल किया जा सकता है। कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय अपने लंबे शासनकाल और जनता से किए गए वादों का जवाब देना चाहिए।

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती ताकत का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक क्षमता का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसी लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देकर काम कर रही है।

कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, सुनील गुप्ता और भरत सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button