रायगढ़ में खाद्य विभाग की छापेमार कार्रवाई: तीन होटलों से मिठाई-नमकीन के 7 सैंपल लिए, जांच के लिए लैब भेजे

रायगढ़। दीपावली त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को विभाग की टीम ने शहर के तीन होटलों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई और नमकीन सहित खाद्य सामग्री के कुल सात नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तुलसी होटल से तीन खाद्य पदार्थों के नमूने
निरीक्षण अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम सबसे पहले रामनिवास टॉकीज रोड स्थित तुलसी होटल पहुंची। यहां साफ-सफाई में सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेसन पापड़ी, नारियल बर्फी और केसर पेड़ा के नमूने लिए गए।
मिथिला और बिकानेर रेस्टोरेंट में भी जांच
इसके बाद टीम ने बोइरदादर रोड स्थित मिथिला रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां से कलाकंद और कुंदा के नमूने एकत्र किए गए। वहीं सत्तीगुड़ी चौक स्थित बिकानेर रेस्टोरेंट से बेसन लड्डू और गठिया नमकीन के सैंपल लिए गए।
इस तरह तीनों प्रतिष्ठानों से कुल सात खाद्य नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
साफ-सफाई बनाए रखने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी पाई गई, वहां संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ स्वच्छता और जरूरी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा है।



