Chhattisgarh Weather Update : छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, अगले 3 दिनों में 2 से 3 डिग्री गिरेगा तापमान, रायपुर में 17 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और देर शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। हालांकि दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा।
रायपुर में 18 डिग्री तक पहुंच सकता है न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को रायपुर-माना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं लालपुर मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शुक्रवार, 6 नवंबर को राजधानी में आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। शनिवार और रविवार को भी मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल बारिश के आसार भी कम हैं।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
10 और 11 नवंबर को 17 डिग्री तक गिरेगा पारा
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 9 नवंबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद 10 और 11 नवंबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 17 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
हालांकि राजधानी में फिलहाल तेज ठंड या शीतलहर जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन सुबह जल्दी घर से निकलने वाले और देर रात तक बाहर रहने वाले लोगों को ठंड का अधिक एहसास हो सकता है। आसमान साफ रहने से दिन और रात के तापमान में अंतर भी बढ़ने की संभावना है।
बिलासपुर के मुकाबले पेंड्रारोड में ज्यादा ठंडी रात
प्रदेश के अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां रात का तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा।
वहीं पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां रात का तापमान बिलासपुर की तुलना में 3.8 डिग्री कम रहा। हालांकि पेंड्रारोड में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।



